गोविंदगढ़ में युवक पर हमला, अलवर रेफर: महिला पर भाई और भतीजे बुलाकर हमला कराने का आरोप, आरोपी फरार
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक प्रवीण को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक की दादी धर्मोबाई ने बताया-घटना बीती शाम करीब 7:30 बजे हुई। उनके पोते प्रवीण पर गांव की ही एक महिला ने अपने भाई और सुरजीत को बुलाकर हमला करवाया। आरोपी डंडे और कुल्हाड़ी से लैस होकर घर में घुसे और प्रवीण पर हमला कर दिया।
घटना के बाद परिजन प्रवीण को तुरंत गोविंदगढ़ अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह मामला छेड़खानी से जुड़ा हुआ है। गोविंदगढ़ थाना पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश कर रही है।