दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री गंभीर, पिनान रेस्ट एरिया में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे राजगढ़ क्षेत्र के पिनान रेस्ट एरिया पहुंचे, जहाँ उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
- उपमुख्यमंत्री व जिला प्रशासन ने किया स्वागत
पिनान रेस्ट एरिया पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री गडकरी का राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, अलवर जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला और पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
- गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा
एक्सप्रेस-वे पर आए दिन हो रहे हादसों को रोकने और सड़क की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में NHAI के अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष एक विस्तृत प्रेजेंटेशन (PPT) प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने पीपीटी के जरिए प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा मानकों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) को सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।
- कोटा-रतलाम के लिए हुए रवाना
पिनान रेस्ट एरिया में निरीक्षण और उच्च स्तरीय बैठक संपन्न करने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपने आगे के निर्धारित कार्यक्रम के तहत कोटा होते हुए रतलाम (मध्य प्रदेश) के लिए रवाना हो गए। बैठक के दौरान NHAI के आला अधिकारियों सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


