गोविंदगढ़ मे सड़क किनारे रखे ईंधन में आग: अज्ञात कारणों से लगी, टैंकर से पानी लाकर पाया काबू
अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड पर सुबह करीब 10:30 बजे सड़क किनारे रखे ईंधन में आग लग गई। देखते ही देखते बड़े दायरे में रखा ईंधन जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, गोविंदगढ़-जालूकी मार्ग के समीप रेलवे स्टेशन रोड पर रेलवे की जमीन पर लोगों ने सरसों की लकड़ी और सरसों की तूड़ी जमा कर रखी थी। सुबह लगभग 10:30 बजे स्थानीय लोगों ने इसमें से आग की लपटें उठती देखीं।
आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। गनीमत रही कि आग अन्य स्थानों पर रखे ईंधन तक नहीं फैली, अन्यथा यह रेलवे स्टेशन के क्वार्टर तक पहुंच सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था।