तालाब में डूबने से मामा–भांजे की दर्दनाक मौत, गांव में छाया मातम
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) मांडल थाना क्षेत्र के समेलिया गांव में रविवार को नहाने के दौरान एक हृदय विदारक हादसा हो गया, जिसमें मामा और भांजे दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।
मांडल थाने के सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने बताया कि दरीबा निवासी कैलाश बिश्नोई का 10 वर्षीय पुत्र भेरूलाल बिश्नोई अपने ननिहाल समेलिया आया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपने 25 वर्षीय मामा डालचंद बिश्नोई (पुत्र भगवानलाल बिश्नोई) के साथ गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित तालाब पर नहाने गया।
नहाते समय भेरूलाल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए मामा डालचंद तुरंत पानी में कूद गया, लेकिन तालाब की अधिक गहराई और फिसलन के कारण वह भी अपना संतुलन खो बैठा। कुछ ही क्षणों में दोनों पानी में समा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मांडल थाना पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया। लंबे प्रयासों के बाद दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।