पुष्कर घाटी में भीषण सड़क हादसा: 200 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 2 महिलाओं की मौत, 31 घायल
अजमेर/पुष्कर (राजस्थान) अजमेर के निकटवर्ती पुष्कर घाटी में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें एक निजी बस अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस में सवार दो महिलाओं की मृत्यु हो गई, जबकि 31 अन्य यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस (जिसमें 33 यात्री सवार थे) अजमेर से पीसांगन के बडसूरी गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम (मायरा) में शामिल होने जा रही थी। दोपहर लगभग 12 बजे सांझीसर के समीप पुष्कर घाटी में चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस मुख्य सड़क से उतरकर नीचे खाई में जा गिरी। बस पेड़ों और झाड़ियों के बीच जाकर फंस गई।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए मानवता की मिसाल पेश की। स्थानीय लोगों ने अपने कपड़ों से रस्सी बनाई और गहरी खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, SDRF और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में पूजा (28 वर्ष) पत्नी विजय सिंह गुर्जर और विमला देवी (50 वर्ष) पत्नी ओम प्रकाश गुर्जर की मृत्यु हो गई है। शेष 31 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जेएलएन (JLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। सभी लोग अजमेर के बस स्टैंड के पास के रहने वाले हैं। इनमें अंकुश, शिवराज और राजू गुर्जर का परिवार है।
- हादसे में ये हुए घायल
रमेश (44), मोना (30), चंदा (60), नजू (45), राधारानी (60), जितेंद्र (34), शायरी (50), जेनब (10), अलजीत (13), उगमी देवी (60), नटवर (45), प्रियंका (22), अंजली (15), गीता (50), संजू (40), सीता (35), धर्मा (40), पूजा (30), प्रियांशी (10), गुड़िया (30), रुकमा (50), निर्मला (45), प्रियांशी (2), रिंकू (21), रेखा (21), प्रियंका (26), देव (20) और वानीया (6) हादसे में घायल हुए हैं।
हादसे के बाद जेएलएन हॉस्पिटल में पहुंचे लोग रोने लगे। अपने परिजनों से मिलने के लिए सुरक्षा गार्डों से झगड़ने लगे। अजमेर कलेक्टर लोकबंधु और एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों से बात की।
जेएलएन हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉक्टर अरविंद खरे ने बताया- 30 मरीज अभी अस्पताल में भर्ती हैं। इनका अलग-अलग वार्ड में इलाज जारी है। बता दें कि हादसे में कुल 33 लोग घायल हुए थे। इनमें से 2 की मौत हो गई। वहीं एक को छुट्टी दे दी गई।
सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। लोगों की मदद से 33 यात्रियों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। इनमें से पूजा (28) पत्नी विजय सिंह गुर्जर और विमला देवी (50) पत्नी ओम प्रकाश गुर्जर की मौत हो गई। दोनों अजमेर की रहने वाली थीं। वहीं एक घायल को हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई।
रिश्तेदार और कांग्रेस नेता नौरत गुर्जर ने बताया- मृतकों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। बस का परमिट वैलिड है या नहीं, प्रशासन को इसकी जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और बस के दस्तावेजों एवं परमिट की भी जांच की जा रही है। परिजनों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने सरकार से मृतकों के परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।


