खैरथल की मित्तल ट्रेडिंग कम्पनी में भीषण आग: लाखों का सामान राख, जनप्रतिनिधियों और दमकल टीम ने पाया काबू
खैरथल (देवराज मीणा) खैरथल के वार्ड नंबर 7 स्थित मित्तल ट्रेडिंग कम्पनी में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते शोरूम में रखे सोफे, गद्दे, फ्रिज, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक व फर्नीचर का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुँचे। विधायक दीपचंद खैरिया, मुंडावर विधायक ललित यादव, और वॉइस चेयरमैन वरुण डाटा ने घटनास्थल पर पहुँचकर राहत कार्यों की कमान संभाली। खैरथल थानाधिकारी रामकिशन यादव मय जाब्ता और जोगिंदर रीडर ने भीड़ को नियंत्रित कर बचाव कार्य में सहयोग किया।
आग बुझाने में दुर्गा फायर ब्रिगेड टीम, दुर्गा फायर एंड सेफ्टी इंस्टीट्यूट, और फायर एक्सपर्ट ललित बंसल (डीसीपीओ) के साथ ललित शर्मा व राहुल शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दमकलकर्मियों और स्थानीय नागरिकों के अथक परिश्रम व संयुक्त प्रयासों से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, जिससे आग को आसपास की इमारतों में फैलने से रोक लिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। शोरूम के भीतर धुआं और लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में सब कुछ जल गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
राहत कार्य के दौरान करण ठेकेदार, अमित, ललित बंसल और खैरथल व्यापार मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग कर मानवता का परिचय दिया।


