कठूमर के पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा का निधन; क्षेत्र में शोक की लहर, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
कठूमर (दिनेश लेखी) विधानसभा क्षेत्र कठूमर के चार बार विधायक रहे पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा का रविवार तड़के करीब 3 बजे 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले करीब 20 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और 13 अप्रैल से जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
बड़ा बेटा अमिताभ बैरवा ने बताया कि मेरे पिता पूर्व विधायक बैरवा लंबे समय से बीपी, शुगर और अस्थमा जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे। स्वास्थ्य लगातार गिरने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
5 नवंबर 1953 को पैतृक गांव रोनिजाथान में जन्मे बाबूलाल बैरवा खेड़ली बाइपास रोड स्थित अपने निवास पर रहते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में चार बार विधायक बनकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1980 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की, 1985 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद 2008 में भाजपा से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे और 2018 में पुनः कांग्रेस के टिकट पर विजय हासिल की।
बैरवा को क्षेत्र में एक जमीनी नेता के रूप में पहचान मिली। उनके कार्यकाल में कठूमर क्षेत्र में पीएचडी कार्यालय, डीएसपी कार्यालय, सड़कों का निर्माण, कॉलेज, अस्पताल में बेड संख्या वृद्धि, प्राथमिक विद्यालयों का उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नयन, पेयजल सहित कई बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ। उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों का लाभ आज भी क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।
इधर निधन की सूचना मिलते ही खेड़ली, कठूमर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और आमजन उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे।
पूर्व विधायक का पार्थिव शरीर रविवार सुबह करीब 10 बजे जयपुर से एंबुलेंस द्वारा खेड़ली स्थित उनके निवास लाया गया। दोपहर करीब 1 बजे अंतिम दर्शन के बाद उनकी अंतिम यात्रा खेरली कस्बे के प्रमुख मार्गो से बैंड-बाजे के साथ निकाली गई, जो बाइपास रोड, अग्रसेन सर्किल, हिण्डौन रोड, शेरावाली चौराहा, गुड़ मंडी और कठूमर रोड होते हुए पुनः निवास स्थान पहुंची।
इसके बाद निवास के पास स्थित प्लॉट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़े बेटे अमिताभ ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।
भरतपुर सांसद संजना जाटव, धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव व विधायक रमेश खींची एवं अलवर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत उनके निवास पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा के निधन से न केवल राजनीतिक जगत, बल्कि पूरे कठूमर क्षेत्र ने एक अनुभवी, लोकप्रिय और जनसेवी नेता को खो दिया।


