राजगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मे रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप आठ घायल
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिलेटा में रास्ते को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक ही कुनबे से जुड़े दो–तीन परिवारों के बीच कुल्हाड़ी और लाठियों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें करीब आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बिलेटा गांव निवासी हीरालाल के मकान के पास बने रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गांव के रामजीलाल और सोहनपाल ने हीरालाल के पुत्रवधू को रास्ते में रोक लिया और उसके साथ हाथापाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर हीरालाल और उसके परिजन विशाल लाल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर दिया।
हमले में हीरालाल, विशाल, श्रीचंद, विक्की, सुशा और प्रेम सहित लगभग आठ लोग घायल हो गए। इनमें से चार घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अलवर में भर्ती कराया गया है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।