जिला कलेक्टर ने महमदपुर में की रात्रि चौपाल: 25 समस्याओं का हुआ मौके पर निस्तारण
भरतपुर (कौशलेन्द्रदत्तात्रेय) जिला कलेक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में बयाना उपखंड की ग्राम पंचायत महमदपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की 25 से अधिक समस्याओं को सुना गया और संबंधित विभागों के फीडबैक के आधार पर उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया।
अतिक्रमण मुक्त होंगी चारागाह भूमियाँ
चौपाल में चारागाह भूमि पर अतिक्रमण के मामले सामने आने पर जिला कलेक्टर ने बयाना तहसीलदार को सख्त निर्देश दिए कि सभी चारागाह भूमियों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त करवाया जाए। साथ ही, भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए संबंधित लोगों को पाबंद करने के निर्देश भी दिए गए।
योजनाओं का लाभ और त्वरित कार्रवाई
जिला कलेक्टर ने कहा कि चौपाल की सार्थकता तभी है जब ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान मिले और उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बिजली, रास्ते के अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं के लंबित प्रकरणों की जाँच कर ऑनलाइन प्रक्रिया को 7 दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मौके पर मिली राहत:
-
दिव्यांग सहायता: दिव्यांग बरफी बाई को पेंशन लाभ न मिलने की शिकायत पर मौके पर दस्तावेज तैयार करवाए गए। वे खाद्य सुरक्षा योजना हेतु पात्र पाई गईं।
-
विद्युत बिल सुधार: मोतीराम जाटव के अधिक बिजली बिल की जाँच करवाकर उसे मौके पर ही दुरुस्त किया गया।
-
विकास कार्य: महमदपुर में नाली निर्माण हेतु ग्राम पंचायत को और वस्त्रावली में अतिक्रमण हटाने हेतु तहसीलदार को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह, उपखंड अधिकारी दीपक मित्तल, सहायक निदेशक लोक सेवायें भारती भारद्वाज सहित सानिवि, विद्युत, जलदाय, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


