उद्यानिकी क्षेत्र में निवेश का सुनहरा अवसर, ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 में करें भागीदारी
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र के समग्र विकास तथा निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 का आयोजन 23 से 25 मई, 2026 तक जेईसीसी सीतापुरा, जयपुर में किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर निवेश आकर्षित करने के लिए दिल्ली एवं बेंगलुरु सहित विभिन्न महानगरों में निवेशकों के साथ बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं तथा व्यापक स्तर पर रोड शो के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया है।
संयुक्त निदेशक उद्यान भरतपुर संभाग योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि अलवर, डीग, भरतपुर, धौलपुर, करौली एवं सवाई माधोपुर के उप निदेशक उद्यान को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर उद्यानिकी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का प्रचार-प्रसार करें तथा संभावित निवेशकों को ‘राज निवेश पोर्टल’ पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि संभाग के सभी जिलों में उद्यान विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और विभिन्न माध्यमों से निवेशकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है।
उद्यानिकी क्षेत्र में निवेश के लिए अनेक संभावनाएं उपलब्ध हैं। इनमें फल एवं सब्जी प्रसंस्करण इकाई स्थापना, फव्वारा संयंत्र, मिनी फव्वारा संयंत्र, बूंद-बूंद सिंचाई संयंत्र, सूक्ष्म सिंचाई इकाइयां, ग्रीन हाउस एवं शेडनेट हाउस, कोल्ड स्टोरेज, फल-सब्जियों के परिवहन हेतु सप्लाई कूल चेन, सोलर पंप सेट निर्माण इकाइयां तथा अन्य उद्यानिकी आधारित उद्योग शामिल हैं।
संयुक्त निदेशक उद्यान ने प्रदेश एवं देशभर के उद्यमियों से अपील की है कि वे अपनी आर्थिक प्रगति एवं व्यापार के उज्ज्वल भविष्य के लिए उद्यानिकी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विचार करें तथा ‘राज निवेश पोर्टल’ पर पंजीकरण कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक निवेशक अपने जिले के उप निदेशक उद्यान विभाग अथवा कृषि विपणन बोर्ड से संपर्क कर सकते हैं और अपने उद्योग स्थापना की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।


