रामगढ़ में खाटू श्याम महोत्सव का भव्य आगाह; जयकारों के साथ निकली कलश यात्रा
रामगढ़ (अलवर/ अमित भारद्वाज), कस्बे के बहादुरपुर रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर के पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। 'हारे का सहारा, खाटू श्याम हमारा' के उद्घोष से पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।
कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, गोविंदगढ़ मोड़ और बस स्टैंड होते हुए पुनः मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में बाबा श्याम के ध्वज (निशान) लेकर डीजे पर बजते भजनों पर झूमते-नाचते नजर आए। इस धार्मिक रैली में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कस्बे को श्याममय कर दिया।
कमेटी के अध्यक्ष जवाहरलाल तनेजा ने बताया कि वार्षिकोत्सव के तहत कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है, जिसमें शुक्रवार को भव्य 'श्याम जागरण' का आयोजन किया जाएगा। मंदिर पुजारी राम मूर्ति शास्त्री के सानिध्य में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं।
आयोजन को सफल बनाने में दिनेश शर्मा बंटी, महेंद्र गोपालिया, शंकर श्रीवास्तव, राजकुमार यादव, अनिल जैन, तुलसी सैनी, धीरज राणावत, अमित भारद्वाज, तरुण शर्मा, पंडित नवीन शर्मा, राजेश सिंघल, चमन सैनी, विभोर मित्तल, निखिल शर्मा, गौरव नागपाल और नवल चौधरी सहित अनेक श्याम भक्तों ने सक्रिय योगदान दिया।
: कलश यात्रा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामगढ़ थाना प्रभारी अजीत बड़सरा अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे और सुचारू यातायात व सुरक्षा सेवाएँ प्रदान कीं।


