ट्रेन का ठहराव बंद होने से रूपबास में आक्रोश: विधायक डॉ. ऋतु बनावत को सौंपा ज्ञापन,रेल मंत्री के नाम लिखा पत्र
रूपबास (भरतपुर) कोश्लेन्द्र दत्तात्रेय
आगरा कैंट से असारवा के मध्य संचालित सवारी गाड़ी संख्या 20177 व 20178 का रूपबास रेलवे स्टेशन पर ठहराव बंद किए जाने से स्थानीय जनता और यात्रियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस समस्या के समाधान हेतु अखिल राजस्थान जन विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ शिक्षक नेता हरि शंकर शर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता कुबेर सिंह राजावत के नेतृत्व में रेल मंत्री के नाम एक ज्ञापन बयाना-रूपबास विधायक डॉ. ऋतु बनावत और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषि बंसल को सौंपा गया।
राजस्व में अव्वल, फिर भी ठहराव खत्म
प्रदेश अध्यक्ष हरि शंकर शर्मा ने रेल मंत्री को प्रेषित पत्र में बताया कि पूर्व में यह गाड़ी (संख्या 01919 व 01920) रूपबास स्टेशन पर रुकती थी। यह स्टेशन राजस्व और यात्री भार के मामले में ईदगाह (आगरा) के बाद दूसरे स्थान पर आता है। लेकिन अप्रैल माह से गाड़ी का नंबर परिवर्तित कर इसका ठहराव सीधे गंगापुर सिटी के बाद आगरा कैंट कर दिया गया है।
60 किलोमीटर क्षेत्र के हजारों यात्री प्रभावित
ठहराव बंद होने से रूपबास सहित करीब 60 किलोमीटर परिसीमन क्षेत्र के दर्जनों गांवों (नयागांव, खैरागढ़, सैपऊ, धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी, रूदावल आदि) के बाशिंदों को भारी परेशानी हो रही है।
-
श्रमिकों पर मार: इस क्षेत्र से प्रतिदिन 300 से 400 यात्री चित्तौड़गढ़, उदयपुर, अहमदाबाद और असारवा में श्रमिक व व्यापारिक कार्यों के लिए जाते हैं।
-
समय और धन की बर्बादी: अब यात्रियों को मजबूरी में 70-80 किमी दूर आगरा कैंट जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ रही है, जिससे आर्थिक बोझ और समय की बर्बादी हो रही है।
सांसद और विधायक से लगाई गुहार
हरिशंकर शर्मा ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भरतपुर सांसद संजना जाटव और पूर्व सांसद रंजीता कोली को भी अवगत कराया जा चुका है। अब विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
मौजूद रहे कार्यकर्ता:
ज्ञापन सौंपने के दौरान लतेश सिंघल, निरंजन लाल, सत्यवीर किरार, शिक्षाविद ओमकार शुक्ला, हर्षित सिंघल, राजवीर सिंह चाहर, भूपेंद्र, निखिल परमार, गोपेश शर्मा व प्रताप दत्तात्रेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।


