बाईक स्कूटी में भिंड़त तीन घायल प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रैफर
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
रैणी-टहटड़ा मार्ग पर एक सड़क हादसा हो गया, जहां बाइक और स्कूटी की भिड़ंत में पति-पत्नी सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भिड़ंत के बाद बाइक और स्कूटी सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए, जबकि घायल लोग सड़क पर गिर पड़े और दर्द से कराहते रहे। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायलों को संभाला और एम्बुलेंस की मदद से रैणी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। जानकारी के अनुसार मित्रपुरा (सवाईमाधोपुर) निवासी बनेसिंह अपनी पत्नी संगीता को लेब असिस्टेंट परीक्षा दिलाकर उसकी ससुराल गांव रामपुरा बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रैणी-टहटड़ा मार्ग पर स्कूटी और उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बनेसिंह, उनकी पत्नी संगीता और स्कूटी सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रैणी पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में अस्पताल जाकर घायलों के बयान लेने के साथ हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। वही घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रैफर कर दिया।


