राजगढ़ थाना क्षेत्र मे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर केमिकल टैंकर पलटा; चालक की दर्दनाक मौत
राजगढ़ (अनिल कुमार गुप्ता): राजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोटा से भिवाड़ी जा रहा केमिकल से भरा एक टैंकर चैनल नंबर 127.5 के पास असंतुलित होकर पलट गया, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक धीरज कुमार मीणा (उम्र-ज्ञात नहीं) पुत्र कालूराम मीणा, निवासी बगड़ राजपूत (अलवर), कोटा से केमिकल भरकर भिवाड़ी की ओर जा रहा था। देर रात्रि एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 127.5 के पास टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
हादसे की सूचना मिलने पर राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना और नगर पालिका कर्मी जुगनू तम्बोली की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया।
गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर मृतक के परिजन राजगढ़ सीएचसी पहुँचे। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जाँच की जा रही है।


