कन्या महाविद्यालय टपूकडा में महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण आयोजित
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत छात्राओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से महिला पुलिस कांस्टेबल श्रीमती सुनीता तथा सुश्री कोमल द्वारा महिला शक्ति आत्मारक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान महिला कांस्टेबल ने छात्राओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में किस प्रकार शांत रहते हुए अपने बचाव के लिए सही कदम उठाए जा सकते हैं। साथ ही, छात्राओं को हाथों और पैरों का उपयोग कर हमलावर से बचने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ उमा शर्मा द्वारा छात्राओं को जागरूक किया गया कि वे अपने आसपास की परिस्थितियों पर हमेशा ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक शक्ति ही नहीं, बल्कि मानसिक सतर्कता और आत्मविश्वास का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
डॉ रमेश चंद शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। अंत में छात्राओं ने इस प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।


