एसडीएम भारती गुप्ता की मौजूदगी में ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई; पट्टा पाकर खिले भगवान सिंह के चेहरे, मुख्यमंत्री और प्रशासन का जताया आभार
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार की कृषक, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा 'एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान' ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इसी कड़ी में सेवर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत धौरमुई में एक भव्य जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जहां एक जरूरतमंद ग्रामीण को मौके पर ही उसकी जमीन का मालिकाना हक सौंप दिया गया।
- एसडीएम की संवेदनशीलता: मौके पर ही पूरी कराई कागजी कार्रवाई
शिविर के दौरान सहनावली (ग्राम पंचायत धौरमुई) निवासी भगवान सिंह ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) भारती गुप्ता के समक्ष पट्टे के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। भगवान सिंह ने बताया कि पट्टा न होने के कारण उन्हें कृषि कार्य और परिवार की जरूरतों के लिए बैंक से ऋण (लोन) लेने में लंबे समय से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाई और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर भगवान सिंह के दस्तावेजों की कमी को मौके पर ही पूरा करवाया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से शिविर में ही भगवान सिंह को 'स्वामित्व योजना' के तहत भूमि का पट्टा सौंप दिया गया।
- खुला आर्थिक तरक्की का रास्ता, कानूनी हक मिलने से खिले चेहरे
सालों की समस्या का मिनटों में समाधान होने पर लाभार्थी भगवान सिंह के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। अब इस पट्टे के मिल जाने से उन्हें अपनी भूमि पर पूर्ण रूप से कानूनी मालिकाना हक मिल गया है। इस दस्तावेज की मदद से वे अब बैंक से आसानी से लोन ले सकेंगे और कृषि कार्य सहित अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा कर सकेंगे।
- लाभार्थी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का जताया आभार
पट्टा प्राप्त करने के बाद भावुक हुए भगवान सिंह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 'ग्राम रथ अभियान' जैसे कार्यक्रम ग्रामीण इलाकों के गरीब और सीधे-साधे लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। जब सरकारी योजनाएं बिना किसी बिचौलिए के और इस तरह पारदर्शी ढंग से धरातल पर लागू होती हैं, तो आमजन के जीवन में वास्तव में एक सकारात्मक और बड़ा परिवर्तन आता है।


