नगर निगम आयुक्त के आश्वासन के बाद व्यापार महासंघ ने 17 मई का अनशन किया स्थगित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिला व्यापार महासंघ द्वारा 17 मई को प्रस्तावित अनशन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई द्वारा महासंघ को पुनः वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया था।
इस वार्ता में महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला महामंत्री विपुल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश बजाज एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम इंद्रजीत भारद्वाज शामिल हुए। विपुल शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व 14 मई को भी आयुक्त द्वारा महासंघ को वार्ता हेतु बुलाया गया था। दो दौर की वार्ता के बाद नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई द्वारा कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आश्वासन दिया गया।
आयुक्त द्वारा बताया गया कि हीरादास से कुम्हेर गेट तक सड़क की चौड़ाई 100 फुट रखी जाएगी। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाली जिन दुकानों की गहराई तोड़फोड़ के बाद 10 फुट या उससे कम रह जाएगी, उन्हें अन्य स्थान पर पुनर्स्थापित किया जाएगा। वहीं जिन दुकानों की गहराई 12 फुट से अधिक शेष रहेगी, उनके टूटने वाले हिस्से के लिए मुआवजे का प्रावधान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त नए मास्टर प्लान में 100 फुट सड़क का इंद्राज कराया जाएगा तथा संबंधित व्यापारियों को पट्टे भी दिए जाएंगे। किराएदार दुकानदारों को भी प्रशासन द्वारा रिजर्व प्राइस पर दुकानें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। इसके लिए 14 मई से ही नापतोल एवं सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा सर्वे पूर्ण होने के बाद सूची महासंघ के साथ साझा कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
महासंघ को यह भी भरोसा दिलाया गया कि अन्य प्रभावित क्षेत्रों, जैसे सेवर, मानसिंह सर्किल से अछनेरा रोड एवं बिनारायण गेट से सिरकी वाले हनुमान मंदिर तक के क्षेत्रों में भी आपसी सहमति के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा कुछ समय की मांग की गई है।
नगर निगम आयुक्त के अनुरोध एवं आश्वासनों को ध्यान में रखते हुए भरतपुर जिला व्यापार महासंघ ने 17 मई को प्रस्तावित अनशन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, 26 मई को प्रस्तावित भरतपुर बंद के निर्णय को अभी वापस नहीं लिया गया है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि 26 मई तक प्रशासन द्वारा अन्य क्षेत्रों पर वार्ता तथा हीरादास से कुम्हेर गेट तक के सर्वे के बाद लिखित रूप में ठोस निर्णय नहीं लिए जाते हैं, तो व्यापारियों का आंदोलन एवं 26 मई को भरतपुर बंद का आह्वान यथावत जारी रहेगा।


