देवी धौलागढ़ थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट में साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के आरोप में युवक गिरफ्तार
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान पुलिस के देवी धौलागढ़ थाना पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े म्यूल अकाउंट मामले में कार्रवाई करते हुए भनोखर गांव निवासी भरतलाल पुत्र किशोरीलाल मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोमवार को हिरासत में लेने के बाद मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अनुसार आरोपी के बैंक खाते में अक्टूबर 2025 में चंडीगढ़ से 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह रकम साइबर ठगी के जरिए हासिल की गई थी, जिसे साइबर अपराधियों ने आरोपी के खाते में डलवाया था। ऐसे खातों को “म्यूल अकाउंट” कहा जाता है, जिनका उपयोग ठगी की राशि को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने और असली अपराधियों तक पहुंचाने के लिए किया जाता है।
देवी धौलागढ़ थाना पुलिस को साइबर सेल से मिली सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी के खाते में संदिग्ध लेनदेन मिलने पर पुलिस ने पूछताछ की।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े साइबर गिरोह से जुड़ा हुआ था या केवल कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के खाते में अन्य राज्यों से भी कोई संदिग्ध रकम ट्रांसफर हुई थी या नहीं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या ओटीपी उपलब्ध न कराएं, क्योंकि इस तरह के मामलों में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।


