जनजाति गौरव गरिमा उत्सव के तहत शिविर आयोजित, एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
कठूमर (दिनेश लेखी) ग्राम पंचायत टिटपुरी के गांव सेडू के नंगला स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में जनजाति गौरव गरिमा उत्सव के अंतर्गत “जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत लाभार्थी संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच हरवीर चौधरी ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
ग्राम विकास अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी शिविर में विस्तार से दी गई। पंचायत राज विभाग की प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
शिविर में विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित कार्य संपादित किए गए, जिनमें 12 आयुष्मान कार्ड, 18 बीपी एवं शुगर जांच, 2 विवाह पंजीयन, 2 जन्म प्रमाण पत्र तथा 4 राशन कार्ड जारी किए गए। इसके अलावा कृषि विभाग की ओर से किसानों को तारबंदी योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पाइपलाइन योजना, कृषि यंत्र अनुदान, मनरेगा, जॉब कार्ड, किसान सम्मान निधि एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर ग्राम रोजगार सहायक सुरेंद्र कुमार जाटव, सूरज प्रसाद, सीएचओ भूपेंद्र शर्मा, एएनएम कृति, लाइनमैन जगमोहन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, फतेह सिंह गार्ड सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


