भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत देने संघ कार्यकर्ताओं ने शुरू की धर्मार्थ प्याऊ
खेडली (दिनेश लेखी) भीषण गर्मी और तेज धूप से राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को खेडली के हिण्डौन रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की माधव बस्ती के कार्यकर्ताओं द्वारा धर्मार्थ शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
प्याऊ का उद्घाटन आगंतुकों को शरबत पिलाकर किया गया।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि गर्मी के मौसम में राहगीरों, वाहन चालकों एवं आमजन को शीतल जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य प्रारम्भ किया गया है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शरबत वितरण में कागज के गिलासों का उपयोग किया गया। साथ ही ठंडे पानी की व्यवस्था के लिए बड़े मटके रखे गए, जिससे लोगों को शीतल जल आसानी से उपलब्ध हो सके।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने संघ कार्यकर्ताओं की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सरोकार से जुड़ा प्रेरणादायक कार्य बताया। इस अवसर पर पंकज खण्डेलवाल, निवर्तमान चेयरमैन संजय गिजगड़िया, राजेश जैन, योगेश, गौरव, शिवदयाल, दिनेश वधवा, लालचंद पंजाबी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


