विश्व पर्यावरण दिवस पर राजकीय महाविद्यालय खैरथल में हुआ वृक्षारोपण
खैरथल (हीरालाल भूरानी) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज राजकीय महाविद्यालय खैरथल में माय भारत एवं राजकीय महाविद्यालय खैरथल के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही स्वीप कार्यक्रम के तहत लोकतंत्र वृक्ष भी लगाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में रजनदीप ने प्रथम, आशा रानी ने द्वितीय तथा रुचिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में यशमी ने प्रथम, मनीषा ने द्वितीय एवं नीरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बढ़-चढ़कर वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।


