बिजली कटौती पर सख्ती: अधीक्षण अभियंता मीणा ने मकराना में ली समीक्षा बैठक, जीएसएस पर लगाई विशेष मॉनिटरिंग ड्यूटी
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। भीषण गर्मी के बीच आमजन को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग ने व्यवस्थाओं पर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में डीडवाना-कुचामन के अधीक्षण अभियंता फैलीराम मीणा मकराना पहुंचे और एवीवीएनएल कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कि। बैठक में अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बढ़ती गर्मी के दौरान किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक विद्युत कटौती नहीं होनी चाहिए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जायेगी। बैठक में अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद सोनी, सहायक अभियंता मनोज बंसल, कनिष्ठ अभियंता मोहम्मद इसरार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र में विद्युत भार, ट्रिपिंग, रखरखाव कार्यों एवं आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी अधीक्षण अभियंता के समक्ष प्रस्तुत कि। ईस दौरान अधिशासी अभियंता कार्यालय मकराना द्वारा जारी आदेश की भी समीक्षा की गई। आदेश के अनुसार 220 केवी जीएसएस मकराना पर बिजली आपूर्ति की निगरानी के लिए कनिष्ठ अभियंताओं की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। 10 जून से 12 जून तक प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक अलग-अलग कनिष्ठ अभियंता जीएसएस पर मौजूद रहकर सप्लाई मॉनिटरिंग का कार्य करेंगे। जिनमें कनिष्ठ अभियंता मोहम्मद इसरार, कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र कुमार, कनिष्ठ अभियंता रूपाराम भाकर सप्लाई मॉनिटरिंग देखेंगे।
फैलीराम मीणा, अधीक्षण अभियंता (पवस) का कहना है कि- "गर्मी के इस दौर में आमजन को राहत देना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर बिजली व्यवस्था पर लगातार नजर रखें और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।"


