श्री परमहंस आश्रम पाली (महुवा) में दो दिवसीय भंडारा व सत्संग कल से, कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा लेंगे आशीर्वाद
महुवा (अवधेश अवस्थी)। बाणगंगा नदी के किनारे स्थित श्री परमहंस आश्रम, पाली में विश्वविख्यात संत और 'यथार्थ गीता' के प्रणेता परम पूज्य स्वामी श्री अड़गड़ानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में दो दिवसीय भंडारा एवं सत्संग कार्यक्रम का आयोजन कल (रविवार) से शुरू होने जा रहा है। इस भव्य धार्मिक समागम को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कृषि एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी शिरकत करेंगे।
महुवा विधायक राजेंद्र मीणा ने बताया कि 14 जून (रविवार) से शुरू होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में देश-विदेश में लाखों श्रद्धालुओं के प्रेरणास्रोत स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के पावन दर्शन और आशीर्वाद का लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा। महाराज श्री ने 'यथार्थ गीता' के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता के व्यावहारिक और कल्याणकारी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।
- कैबिनेट मंत्री और विधायक रविवार रात्रि को पहुँचेंगे आश्रम
तय कार्यक्रम के अनुसार, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा रविवार, 14 जून को रात्रि 7:30 बजे पाली स्थित श्री परमहंस आश्रम पहुँचेंगे। वहाँ वे महाराज श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस दौरान विधायक राजेंद्र मीणा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सोमवार, 15 जून को भी दिनभर आश्रम में सत्संग और विशाल भंडारे का दौर चलेगा।
- प्रशासन अलर्ट, तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी
विशाल जनसमूह की संभावना को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आश्रम प्रबंधन और स्थानीय सेवादार पंडाल, पेयजल, और भंडारे की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। विधायक राजेंद्र मीणा ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस पावन सत्संग और भंडारा प्रसादी में सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की है।


