दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराई कार, ड्राइवर की मौत, महाकाल दर्शन को जा रहा दंपती घायल
दौसा में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर बेकाबू कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए। दोनों उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने जा रहे थे। इससे पहले ही हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसा रविवार सुबह कोलवा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 171 पर धनावड़ गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार कार में पंजाब के मंडी अहमदगढ़ (जिला कोटला) निवासी सुरेंद्र कुमार (50), उनकी पत्नी नीतू (48) और दिल्ली निवासी ड्राइवर सुमित जैन (30) सवार थे। दंपती उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार सुबह वे दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे से होकर गुजर रहे थे।
- धनावड़ गांव के पास बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई कार
कोलवा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 171 पर धनावड़ गांव के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्राइवर सुमित जैन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल सुरेंद्र कुमार और उनकी पत्नी नीतू का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को भी दे दी है।
- नींद की झपकी आने से हादसे की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कोलवा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।


