निशुल्क नेत्र एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर,73 मरीजों की जांच:14 का मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन
अलवर के गोविंदगढ़ में रविवार को एक निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 73 नेत्र रोगियों की जांच की गई, जिनमें से 14 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चुना गया।
यह शिविर जिला अंधता निवारण समिति अलवर के आर्थिक सहयोग और सपना एनजीओ के महात्मा गांधी नेत्रालय द्वारा सीकरी बाईपास रोड स्थित भारतीयम् विज्ञान उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित किया गया। शिविर संयोजक अशोक गुगनानी ने बताया- यह एक मासिक शिविर है, जो हर महीने के दूसरे रविवार को लगता है।
- 14 नेत्र रोगियों को लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयनित
सपना एनजीओ के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र जटोलिया और उनकी टीम ने मरीजों का गहन परीक्षण किया। जांच के बाद मोतियाबिंद से पीड़ित 14 नेत्र रोगियों को लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयनित किया गया।
चयनित मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन सोमवार, 15 जून को अलवर के विजय मंदिर के सामने स्थित महात्मा गांधी नेत्रालय में निशुल्क किए जाएंगे। इन ऑपरेशनों में आधुनिक एसआईसीएस और फेको तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
शिविर में आए अन्य नेत्र रोगियों को भी मुफ्त दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए। चंदन सिंह, नरेंद्र शर्मा, प्रदीप शर्मा, रजत गेरा, धर्मवीर, रोशनलाल शर्मा और प्रेमचंद सहित कई स्वयंसेवकों ने शिविर में अपनी सेवाएं दीं।


