भरतपुर को अग्रणी जिला बनाने के लिए समृद्ध भारत अभियान की बड़ी मांग: मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
भरतपुर (विष्णु मित्तल)। जिले के समग्र विकास, युवाओं को रोजगार के आधुनिक अवसर और किसानों को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में उन्होंने भरतपुर में भारतीय कौशल संस्थान (IIS), वैर में राज्य स्तरीय एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर और कुम्हेर में कृषि विश्वविद्यालय खोलने की पुरजोर मांग की है।
निदेशक सीताराम गुप्ता ने पत्र में स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए केवल बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) का निर्माण ही काफी नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है।
- युवाओं को मिलेगा आधुनिक उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षण
पत्र के अनुसार, भरतपुर के हजारों युवा लंबे समय से बेहतर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की तलाश में हैं। ऐसे में जिले में पूर्व स्वीकृत भारतीय कौशल संस्थान को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द शुरू किया जाना बेहद आवश्यक है। इसके शुरू होने से युवाओं को आधुनिक उद्योगों की मांग के अनुसार ट्रेनिंग मिलेगी, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर एक कुशल वर्कफोर्स तैयार होगी।
- वैर में एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर से किसानों को मिलेगा फसलों का सही दाम
समृद्ध भारत अभियान के निदेशक ने वैर क्षेत्र में राज्य स्तरीय एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एग्रो प्रोसेसिंग को लेकर कई एमओयू (MoU) किए जा चुके हैं, जिनमें से एक केंद्र भरतपुर को भी मिलना चाहिए। यह सेंटर किसानों को उनकी कृषि उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, फसलों के प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग), आधुनिक भंडारण और विपणन (मार्केटिंग) की सुविधाएं देने में मील का पत्थर साबित होगा।
- कुम्हेर में कृषि विश्वविद्यालय से बढ़ेगी पैदावार
भरतपुर को एक कृषि प्रधान जिला बताते हुए गुप्ता ने कुम्हेर क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठाई है। उनका मानना है कि यहाँ विश्वविद्यालय खुलने से कृषि क्षेत्र में अनुसंधान (रिसर्च), नए तकनीकी नवाचारों और किसानों के प्रशिक्षण को एक नई दिशा मिलेगी। इससे न केवल फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी, बल्कि किसानों की आय में भी रिकॉर्ड वृद्धि होगी।
"यदि आधारभूत विकास के साथ-साथ कौशल विकास, कृषि शिक्षा और कृषि आधारित उद्योगों को समान रूप से बढ़ावा दिया जाए, तो भरतपुर शिक्षा, रोजगार और आर्थिक उन्नति के मामले में पूरे राजस्थान का अग्रणी जिला बन सकता है।" — सीताराम गुप्ता, निदेशक (समृद्ध भारत अभियान)


