भरतपुर पहुंचे संजय भाटिया, जिला कार्यालय में पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर पंचायत चुनाव की तैयारियों पर किया मंथन
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान संगठन प्रभारी संजय भाटिया भरतपुर पहुंचे। उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और पंचायत चुनाव में संगठन की तैयारियों को लेकर चर्चा की। बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
संजय भाटिया ने कहा कि भाजपा ने हाल ही में निकाय चुनाव में जीत हासिल की है और अब पंचायत चुनाव में भी पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान के लोग भारतीय जनता पार्टी को प्यार करते हैं। उन्होंने राजस्थान को भाजपा की मजबूत जमीन बताते हुए कहा कि शेखावत जी की कर्मभूमि रही है, जिन्होंने पूरे देश में भाजपा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस पर निशाना
विपक्ष द्वारा चुनावों में वोट चोरी के आरोप लगाए जाने के सवाल पर संजय भाटिया ने कहा कि कांग्रेस को हर बार चुनाव हारने के बाद वोट चोरी का आरोप लगाने के बजाय चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद हर बार वोट चोरी की बात की जाती है।
गहलोत और केंद्र के बीच संबंधों को लेकर भाटिया ने कहा कि इस विषय पर उन्हें टिप्पणी नहीं करनी चाहिए और आपस में बैठे लोग अपने मामलों को खुद सुलझाएं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर पार्टी को टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
भरतपुर संभाग में पिछले परिणाम से बेहतर प्रदर्शन का दावा
भाजपा के संभाग प्रभारी अशोक परनामी ने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े पदाधिकारी तक सभी ने मिलकर काम किया था। अब पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में भी सभी कार्यकर्ता मिलकर काम कर रहे हैं।
परनामी ने दावा किया कि निकाय चुनाव में पार्टी को मिले परिणामों से भी बेहतर परिणाम इस बार भरतपुर संभाग में आएंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कुल 302 निकायों में से 207 में भाजपा के चेयरमैन, मेयर और वाइस चेयरमैन बने हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में भी भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।बैठक में भाजपा संभाग प्रभारी अशोक परनामी, जिला प्रभारी नरेश बंसल, पूर्व सांसद रंजीता कोली, पूर्व विधायक विजय बंसल, पूर्व जिला अध्यक्ष गिरधारी तिवारी, भगवान दास शर्मा, हंसिका सिंह ,मीडिया प्रभारी वीरेंद्र पचौरी सहित भाजपा के पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

