ट्रेनों में जबरन वसूली करने वाले 97 किन्नर गिरफ्तार, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई
मथुरा (शशि जायसवाल) ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों से जबरन वसूली करने और न्यूसेंस फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट मथुरा जंक्शन ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आगरा) राज मोहन पिचाई के निर्देशन और सहायक सुरक्षा आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के सुपरविजन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत बीते पौने दो महीनों में कुल 97 किन्नरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
प्रभारी निरीक्षक (मथुरा जंक्शन) उपदेश कुमार कौशिक के नेतृत्व में यह विशेष अभियान 01 मई 2026 से 22 जून 2026 तक चलाया गया। आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, इस साल (2026 में अब तक) विभिन्न अभियानों के तहत कुल 198 किन्नरों के खिलाफ प्रभावी अभियोजन की कार्रवाई की जा चुकी है।
- अवैध गतिविधियों पर आरपीएफ सख्त
आरपीएफ अधिकारियों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ट्रेनों या स्टेशन परिसर में जबरन वसूली, यात्रियों को परेशान करना या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
- हेल्पलाइन नंबर 139 पर करें शिकायत
रेलवे सुरक्षा बल ने आम रेल यात्रियों से भी सजग रहने की अपील की है। आरपीएफ के मुताबिक: "यदि यात्रा के दौरान कोई भी व्यक्ति जबरन पैसों की मांग करता है, अभद्र व्यवहार करता है या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो यात्री तुरंत इसकी सूचना रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें या नजदीकी RPF/GRP थाने को सूचित करें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।"

