तिलकपुर धाम भागवत कथा में बाधा डालने और मारपीट का आरोप, FIR दर्ज
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के गांव तिलकपुर में चल रही भागवत कथा के दौरान बाधा डालने, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामला SC/ST एक्ट के तहत दर्ज हुआ है।
क्या है पूरा मामला
थाना लक्ष्मणगढ़ में दर्ज FIR No. 0275 के अनुसार, तिलकपुर स्थित श्री 1008 महाराज हरचंददास के आश्रम में 22 जून से भागवत कथा चल रही थी। शिकायतकर्ता तिलकपुर धाम आश्रम पीठाधीश्वर महंत बालकदास पुत्र यादराम ने बताया कि 24 जून को शाम करीब 5:30 बजे गांव तिलकपुर निवासी का कालू पुत्र शिब्बन गुर्जर समेत 14 नामजद लोगों ने हथियारों, लाठियों और मोटरसाइकिलों के साथ आश्रम में घुसकर हमला किया।
FIR में आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों से गाली-गलौज की, माइक-मंडप और मंदिर के सामान में तोड़फोड़ की। मारपीट में विनोद कुमार, वीरबल, नरेश समेत कई लोगों को चोटें आईं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कथा में दोबारा बाधा न डालने की मांग की है।
किन धाराओं में केस दर्ज
लक्ष्मणगढ़ पुलिस ने BNS 2023 की धारा 115(2), 126(2), 189(2), 324(2), 352 और SC/ST नृशंसता निवारण अधिनियम 1989 की धारा 3(1)(r), 3(1)(s) के तहत केस दर्ज किया है।
जांच शुरू
FIR 24 जून रात 10:29 बजे दर्ज की गई। मामले की जांच उप अधीक्षक पुलिस कैलाश जिंदल को सौंपी गई है। FIR थाना प्रभारी SI सुरेश चंद यादव द्वारा दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। FIR में लगाए गए सभी आरोप अभी जांच के अधीन हैं, और अदालत में साबित होने तक आरोपी निर्दोष माने जाएंगे।


