वनपाल परीक्षा की तैयारियां पूरी: भरतपुर में 46 परीक्षा केंद्रों पर 28 जून को होगी परीक्षा, केंद्राधीक्षकों व पर्यवेक्षकों को दिया प्रशिक्षण
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 28 जून को आयोजित होने वाली वनपाल भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्राधीक्षकों और पर्यवेक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
जिले में वनपाल भर्ती परीक्षा के लिए कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 11 राजकीय और 35 निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं। परीक्षा में 13,941 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) राजीव शर्मा ने बताया कि परीक्षा 28 जून को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया सुबह 10:00 बजे तक ही पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए 9 फ्लाइंग स्क्वायड गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल में एक आरएएस अधिकारी, एक आरपीएस अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के जिला स्तर के अधिकारी को शामिल किया गया है। ये टीमें सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी और नकल रोकने के साथ-साथ परीक्षा की शुचिता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष नजर रखेंगी। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


