रैणी में राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार; ग्रामीणों को देखकर बाइक छोड़ जंगल के रास्ते भागे शिकारी
रैणी (अलवर/ अनिल गुप्ता) रैणी उपखंड क्षेत्र के रामनगर गुवाड़ा में गत देर रात्रि अज्ञात शिकारियों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सजगता के कारण शिकारी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर जंगल के रास्ते भागने में सफल रहे। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों की सजगता से भागे शिकारी, बाइक जब्त
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात जब अज्ञात शिकारियों ने राष्ट्रीय पक्षी मोर को अपना निशाना बनाया, तो स्थानीय ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए शिकारियों को मौके पर ही दबोचने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख और ग्रामीणों की भारी भीड़ को अपनी ओर आता देख शिकारी घबरा गए। रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए वे अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ कर घने जंगल के रास्ते फरार हो गए।
- पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुँची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर राहुल फौजदार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग ने शिकारियों की छोड़ी हुई मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है।
राहुल फौजदार, रेंजर, वन विभाग का बयान है कि-: "अज्ञात शिकारियों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार की सूचना पर हम टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। शिकारी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए हैं। वन विभाग ने इस सम्बंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मौके से बरामद बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और अज्ञात शिकारियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।"


