फीस विवाद: छात्रा की टीसी रोकने पर स्कूल को नोटिस, विरोध में 29 जून को रामगढ़ के निजी स्कूल रहेंगे बंद
रामगढ़ (अलवर)। फीस बकाया होने के कारण एक छात्रा की स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) और अंकतालिका जारी न करने का मामला अब शिक्षा विभाग और निजी स्कूल संचालकों के बीच बड़े विवाद में बदल गया है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) द्वारा रामगढ़ के सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल को नोटिस जारी किए जाने के विरोध में निजी स्कूल संचालकों के संगठन 'स्कूल शिक्षा परिवार' ने सोमवार, 29 जून को उपखंड के सभी निजी स्कूलों को बंद रखने का ऐलान किया है। इसके साथ ही संगठन ने शिक्षा कार्यालय के घेराव की भी चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर ली है। अभिभावकों ने स्कूल से उसकी टीसी मांगी थी, जिसे स्कूल प्रबंधन ने यह कहते हुए रोक दिया कि छात्रा की पिछले चार वर्षों की करीब डेढ़ लाख रुपए की फीस बकाया है। स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि इससे पहले छात्रा की बड़ी बहन की टीसी भी जल्द फीस जमा कराने के आश्वासन पर दी गई थी, लेकिन अभिभावकों ने अब तक भुगतान नहीं किया। स्कूल की प्राचार्या मनीषा मोदी ने स्पष्ट किया कि यह संस्था का निर्णय है और बकाया जमा होने तक नियमों का पालन किया जाएगा।
- सीबीईओ बोले: किसी भी हाल में टीसी रोकना नियमों के खिलाफ
अभिभावक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) विश्राम गोस्वामी ने स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी कर तुरंत टीसी और अंकतालिका देने के निर्देश दिए हैं। सीबीईओ ने कहा कि विभागीय नियमों के तहत किसी भी परिस्थिति में छात्र की टीसी या अंकतालिका नहीं रोकी जा सकती।
- निजी स्कूलों ने दी अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
विभागीय कार्रवाई से नाराज स्कूल शिक्षा परिवार के पदाधिकारियों ने सीबीईओ से मुलाकात कर विरोध जताया। ब्लॉक अध्यक्ष मनीष गुप्ता, सचिव विक्रम सिंह, मुरारी दहिया और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि निजी स्कूल केवल विद्यार्थियों की फीस से संचालित होते हैं। अगर लंबे समय तक फीस नहीं मिलेगी तो स्कूल कैसे चलेंगे? संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने दबाव बनाने का रवैया नहीं बदला, तो 29 जून को सांकेतिक बंद और घेराव के बाद अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।


