जीएसटी की कार्रवाई में नहीं मिला बड़ा खुलासा, तंबाकू के बजाय निकले कुरकुरे के आइटम
सूचना पर पहुंची टीम ने होलसेल प्रतिष्ठान की जांच की, बाजार में मची हलचल, कई किराना व्यापारियों ने बंद की दुकानें
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) भीलवाड़ा वाणिज्यिक कर (जीएसटी) विभाग द्वारा शुक्रवार को जहाजपुर में तकिया मस्जिद के सामने स्थित एक होलसेल व्यापारी के प्रतिष्ठान पर की गई छापेमार कार्रवाई को लेकर दिनभर बाजार में चर्चाओं का दौर चलता रहा। विभाग को मिली सूचना के आधार पर असिस्टेंट कमिश्नर ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रतिष्ठान पर पहुंचकर दस्तावेजों और स्टॉक की जांच की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विभाग को सूचना मिली थी कि संबंधित प्रतिष्ठान पर तंबाकू, बीड़ी और सिगरेट का बड़े स्तर पर होलसेल कारोबार किया जाता है। हालांकि जांच के दौरान अधिकांश स्टॉक कुरकुरे सहित अन्य पैकेज्ड खाद्य उत्पादों का मिला। ऐसे में बाजार में यह चर्चा रही कि विभाग को मिली सूचना पूरी तरह सटीक नहीं थी और कार्रवाई से अपेक्षित स्तर की अनियमितताएं सामने नहीं आईं।
जीएसटी विभाग की कार्रवाई की खबर फैलते ही जहाजपुर के कई किराना व्यापारियों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। टीम ने प्रतिष्ठान के बिल, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और जीएसटी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। देर शाम तक विभाग की कार्रवाई जारी रही।
हालांकि विभाग की ओर से कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक रूप से किसी कर चोरी या बड़ी अनियमितता की पुष्टि नहीं की गई है।


