खटौंटी में आयोजित हुआ ग्रामीण सेवा शिविर, स्वामित्व योजना मे रामकुमार को मिला पट्टा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा जन कल्याण शिविर के अन्तर्गत संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। पंचायत समिति नदबई की ग्राम पंचायत खटौंटी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत लाभार्थी रामकुमार पुत्र कजूर सिंह के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
ग्राम पंचायत खटौंटी निवासी रामकुमार ने बताया कि उसके पास स्वामित्व पट्टा नहंीं होने के कारण बैंक से ऋण लेने में परेशानी होती थी, क्योंकि बैंक द्वारा भूमि के पट्टे की आवश्यकता बताई जाती थी। लाभार्थी ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर के तहत आयोजित शिविर में अपनी समस्या नदबई उपखंड अधिकारी सचिन यादव को बताई। उपखण्ड अधिकारी ने रामकुमार के स्वामित्व पट्टे की समस्या के मौके पर ही समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
लाभार्थी के समस्त दस्तावेजों की पूर्ति करते हुए स्वामित्व योजना के तहत आवेदन करवाया गया। प्रशासन द्वारा मौके पर ही लाभार्थी रामकुमार को स्वामित्व पट्टा सौंपा गया। रामकुमार ने बताया अब पट्टा मिलने के बाद वे आसानी से बैंक ऋण के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिससे कृषि कार्य एवं परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायता मिलेगी। पट्टा प्राप्त होने पर रामकुमार के चेहरे पर खुशी झलक उठी।
रामकुमार ने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के जीवन में खुशहाली और आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रहा है।


