विष्णु महायज्ञ एवं भागवत कथा के आयोजन को लेकर निकाली कलश यात्रा
सकट (अलवर) सकट क्षेत्र के नारायणपुर गांव स्थित मुरली मनोहर मंदिर पर आयोजित होने वाले 24वें विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। 2 जुलाई से 10 जुलाई तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कलश यात्रा सकट ग्राम स्थित बांके बिहारी मंदिर से मुख्य ध्वज व कलश पूजन के साथ विधिवत शुरू हुई। बैंड-बाजे की मधुर स्वर लहरियों और भजनों पर झूमते श्रद्धालुओं के साथ यह यात्रा आगे बढ़ी। कलश यात्रा ने सकट कस्बे के प्रमुख मंदिरों— सीताराम जी, चौथ माता, चतुर्भुज नाथ, रघुनाथ जी, थाई वाले हनुमान जी और नदी वाले गणेश जी मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद यात्रा मुख्य कार्यक्रम स्थल नारायणपुर गांव के यति महाराज के आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछा दिए। कस्बे में जगह-जगह महिला श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए कई जगह समाजसेवियों और ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई व शीतल जल की व्यवस्था कर पुण्य कमाया। इस भव्य कलश यात्रा में नारायणपुर और सकट के अलावा जोनेटा, मंडावरी, थमावली, नाथलवाड़ा, राजपुर बड़ा, बीधोता, करनावर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
महायज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि 9 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से यज्ञ और दोपहर में श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा। आगामी 10 जुलाई को महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।


