CBSE 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम 28 जुलाई को होगा, 8 तक करे आवेदन, तारीख में बदलाव से स्टूडेंट्स नाराज
दिल्ली (कमलेश जैन) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। सीबीएसई की तरफ से घोषित कार्यक्रम के अनुसार 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम की तारीख में बदलाव किया है।अब 12वीं का कंपार्टमेंट एग्जाम 28 जुलाई को होगा। पहले 15 जुलाई को सीबीएसई 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम प्रस्तावित था। सीबीएसई ने आवेदन पोर्टल शुरू कर दिया है। कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए स्टूडेंट्स 8 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं कंपार्टमेंट एग्जाम की तारीख में हुए बदलाव से स्टूडेंट्स नाराज हैं।
सीबीएसई 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए कौन कर सकता है आवेदन
सीबीएसई 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए चुनिंदा स्टूडेंट्स ही आवेदन कर सकते है। ये चुनिंदा स्टूडेंट्स कौन होंगे, इसकी कैटेगरी सीबीएसई ने पहले ही बनाई हुई है। सीबीएसई की तरफ से जारी निर्देशों के अनुसार इस साल 12वीं एग्जाम देने वाले स्टूडेंट्स एक विषय में मार्क्स इम्प्रूव करने के लिए कंपार्टमेंट एग्जाम दे सकते हैं। वहीं एक विषय में फेल स्टूडेंट्स भी पास होने के लिए कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए आवेदन कर सकते हैं।इसके साथ ही 2025 में कंपार्टमेंट वाले स्टूडेंट्स भी कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए आवेदन कर सकते हैं, ये उनके लिए ये तीसरा और आखिरी मौका होगा।
संगम पोर्टल के जरिए 8 जुलाई तक आवेदन
सीबीएसई ने 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए स्कूलों को LOC जमा करने का निर्देश दिया गया है। 8 जुलाई रात 11:59 बजे तक LOC जमा कराई जा सकती है। हालांकि स्टूडेंट्स व्यक्तिगत स्तर पर भी आवेदन कर सकते हैं।
कंपार्टमेंट एग्जाम की फीस
कंपार्टमेंट एग्जाम के लिए निर्धारित फीस भारत के स्टूडेंट्स के लिए 300 रुपये फीस निर्धारित है। वहीं नेपाल के स्टूडेंट्स के लिए 1100 व भारत से बाहर के देशों के स्टूडेंट्स के लिए 2200 रुपये फीस निर्धारित है। दृष्टिबाधित स्टूडेंट्स को एग्जाम फीस से छूट दी गई है।
तारीख बदलने से नाराज स्टूडेंट, ग्रैस मार्क्स की मांग
सीबीएसई की तरफ से पूर्व में जारी शेड्यूल के अनुसार कंपार्टमेंट एग्जाम 15 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अब शेड्यूल में बदलाव किया गया है। अब 28 जुलाई को कंपार्टमेंट एग्जाम होगा। इससे स्टूडेंट्स की परेशानियां बढ़ी हुई हैं। स्टूडेंट्स का कहना है कि अगर 28 जुलाई को कंपार्टमेंट एग्जाम होगा तो अगस्त तक उसका रिजल्ट जारी होगा। अगस्त में यूनिवर्सिटी समेत दूसरे एडमिशन प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। ऐसे में कंपार्टमेंट एग्जाम का कोई वजूद नहीं है। स्टूडेंट्स ने ग्रेस मार्क्स देने की मांग की है।


