पोमावा में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित: 32 परिवाद प्राप्त, मौके पर ही राहत देने के निर्देश; 18 आवासीय पट्टे वितरित
पोमावा (बरकत खान) राज्य सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार को ग्राम पंचायत पोमावा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों के अभाव-अभियोग सुने और प्राप्त परिवादों के त्वरित व ठोस निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। शिविर में विकास अधिकारी प्रमोद दवे और तहसीलदार हिमांशु कच्छावा ने भी शिरकत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
- अंडरब्रिज में जलभराव व खेल मैदान की उठी मांग
शिविर प्रभारी रफीक मोहम्मद ने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न ग्रामीण समस्याओं से जुड़े कुल 32 परिवाद प्राप्त हुए। इसमें पुराडा के एडवोकेट जगदीश राजपुरोहित ने पुराडा से सुमेरपुर के बीच फोरलेन पर बने अंडर ब्रिज में पानी भरने की गंभीर समस्या से अधिकारियों को अवगत कराते हुए परिवाद दर्ज कराया।
वहीं, पोमावा वार्ड संख्या 6 के निवासियों ने क्षेत्र में नाली व सी.सी. रोड निर्माण की मांग की। मोरडू के प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान हेतु भूमि आवंटित करवाने का प्रार्थना पत्र सौंपा। इसके अलावा नरसिंह राजपुरोहित ने पूराडा में नाड़ी और पाल का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने और श्मशान भूमि को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने की मांग उठाई।
शिविए मे राजस्व विभाग के18, पंचायतीराज विभाग के 5, जोधपुर डिस्कॉम के 2, अन्य विभाग (PHED, JJM, NHAI, रसद, चिकित्सा व PWD): प्रत्येक से 1-1 परिवाद प्राप्त हुए
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा काउंटर लगाकर ग्रामीणों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई:
- पट्टे व स्वीकृतियां: ग्राम पंचायत द्वारा 18 आवासीय पट्टे, 2 अर्ध-घुमंतू परिवारों को भूखंड आवंटन तथा 5 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृतियां जारी की गईं।
- राजस्व व वन विभाग: राजस्व विभाग द्वारा 11 नामांतरण व 9 खातों का शुद्धिकरण किया गया। वन विभाग की ओर से 50 पौधों का निःशुल्क वितरण हुआ।
- चिकित्सा व पशुपालन: चिकित्सा विभाग ने 275 मरीजों का उपचार व 135 की स्क्रीनिंग की। आयुर्वेद विभाग से 35 रोगी लाभान्वित हुए। पशुपालन विभाग ने 50 पशुओं की चिकित्सा, 200 का टीकाकरण व 100 पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाई।
- जल प्रबन्धन: PHED द्वारा 2 हैंडपंपों की मरम्मत कर 1 स्थान पर पाइप लीकेज सुधारा गया।
शिविर में ग्रामीणों को 'वीबीजीरामजी योजना' की जानकारी दी गई तथा नए 'ठोस कचरा अपशिष्ट नियम 2026' के प्रति जागरूक किया गया।


