एक वर्ष से फरार चौथा वांछित आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथकड़ शराब तस्करी मामले में धौलागढ़ देवी पुलिस की कार्रवाई
गो-तस्करी व आबकारी अधिनियम के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा
कठूमर (दिनेश लेखी) जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना धौलागढ़ देवी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गो-तस्करी एवं आबकारी अधिनियम (अवैध हथकड़ शराब) से जुड़े मामले में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे चौथे वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि जिले में फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका रघुवंशी तथा वृत्ताधिकारी जोगेंद्र सिंह के निर्देशन एवं निकटतम सुपरविजन में थाना धौलागढ़ देवी के थानाधिकारी रामजी लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी रामजी लाल ने बताया कि थाना धौलागढ़ देवी में दर्ज प्रकरण संख्या 96/2025 में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आबकारी अधिनियम की धारा 16/54 के तहत दर्ज मामले में आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था। लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने आरोपी के ठिकाने का पता लगाकर संजय उर्फ टीटी उर्फ संजा पुत्र श्रीचंद उर्फ रामचंद्र, जाति सांटिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी अनाज मंडी के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इसी प्रकरण में यह चौथा वांछित आरोपी था, जिसकी गिरफ्तारी के साथ मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
इस कार्रवाई में थाना धौलागढ़ देवी के थानाधिकारी रामजी लाल, हेड कांस्टेबल लोकेश, कांस्टेबल सुखराम एवं कांस्टेबल देशराज की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।


