मरीजों की समस्याएं सुन जिला प्रमुख ने पीएमओ को दिए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
अंता (शफीक मंसूरी ) बारां कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रशान्त भारद्वाज ने बताया कि नगर परिषद के पार्षद मयंक माथोडिया का जन्मदिवस शुभचिंतकों एवं कांग्रेसजनों द्वारा सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल गौशाला में गायों को हरा चारा खिलाकर की गई। रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट वितरीत किए गए। इसके उपरांत शहीद राजमल मीणा जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के लिए खिचड़ी वितरण का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया रहीं। उन्होंने कांग्रेसजनों के साथ जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को खिचड़ी वितरित कर उनकी कुशलक्षेम जानी।इस दौरान जिला प्रमुख ने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। परिजनों ने जिला चिकित्सालय में व्याप्त विभिन्न अव्यवस्थाओं से उन्हें अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रमुख ने पाया कि चिकित्सालय में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब है, वार्डों में एक-एक बेड पर चार-चार मरीजों का उपचार किया जा रहा है, पेयजल टंकी की नियमित सफाई नहीं होने से पानी में कीड़े पाए गए तथा शौचालय गंदगी से भरे हुए थे। इसके अलावा चिकित्सालय परिसर में भिखारियों की आवाजाही से मरीजों एवं उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रमुख ने प्रसूता महिलाओं से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया ने तत्काल प्रमुख चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (पीएमओ) से दूरभाष पर वार्ता कर सभी समस्याओं से अवगत कराया। इस पर तत्काल पीएमओ मौके पर पहुंचे तथा उन्होनें जिला प्रमुख को चार दिनों के भीतर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार कराने का आश्वासन दिया। जिला प्रमुख ने कहा कि वह शीघ्र ही पुनः जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगी। इस अवसर पर स्वर्गीय ओमप्रकाश व्यास चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अंशुल व्यास ने भी जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार हेतु हरसंभव सहयोग देने की बात कही तथा उन्होनें अपनी टीम के साथ सभी का सम्मान किया गया।कार्यक्रम में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु धाकड़, जिला प्रवक्ता अंकुर सक्सेना, लव पारस, विजय बैरवा, कपिल बामला, शुभम् खंडेलवाल, समाजसेवी अंशुल व्यास, विरेंद्र शर्मा, भरत मालवीय, केशव कलमंडा, तपिश जैन, मनोज नागर, लविश सोनी आदि मौजूद रहे। जन्मदिवस को सेवा, संवेदनशीलता एवं जनहित के कार्यों के माध्यम से मनाने की पहल की सभी ने सराहना की।

