भारत विकास परिषद् ने 64 वें स्थापना दिवस पर सेवा, संस्कार और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की
अन्ता ( शफीक मंसूरी)भारत विकास परिषद शाखा अन्ता, जिला बारां द्वारा परिषद् के 64 वें स्थापना दिवस के अवसर पर अन्ता शाखा द्वारा सेवा, संस्कार एवं समर्पण की भावना से ओतप्रोत अनेक सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिनभर चले सेवा कार्यों के माध्यम से परिषद ने समाज के प्रति अपने दायित्व का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए हजारों लोगों तक सहायता एवं सेवा का संदेश पहुँचाया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उपजिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर राहगीरों, मरीजों एवं उनके तिमारदारों के लिए शर्बत एवं सिकंजी की विशाल सेवा स्टॉल लगाई गई, जहाँ भीषण गर्मी के बीच लगभग 2300 गिलास शर्बत एवं शिकंजी का वितरण किया गया। सेवा कार्य से लाभान्वित लोगों ने परिषद् की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात उपजिला अस्पताल में अस्पताल प्रभारी डॉ. हरीश मीणा एवं डॉ. विजेन्द्रनाथ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में जरूरतमंद परिवारों को अंतिम संस्कार हेतु कफन (अंतिम वस्त्र) वितरित किए गए।
परिषद् का यह संवेदनशील प्रयास मानव सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण बना। इसी क्रम में गोभक्त मण्डल, अन्ता को लावारिस एवं घायल गोवंश की सेवा एवं उपचार के लिए आवश्यक मेडिकल किट भेंट की गई, जिससे उनके द्वारा की जा रही निःशुल्क गोसेवा कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी। परिषद् के सदस्यों ने गोविन्द गौशाला, बरखेड़ा पहुँचकर गोवंश को हरा चारा खिलाया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करते हुए वृक्षारोपण भी किया। उपस्थित सदस्यों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर परिषद् पदाधिकारियों ने कहा कि भारत विकास परिषद् अपने पंचसूत्र "सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण" को आत्मसात करते हुए निरंतर समाजहित में कार्य कर रही है। स्थापना दिवस पर आयोजित इन सेवा गतिविधियों ने परिषद् की जनसेवा, राष्ट्रसेवा एवं मानवीय मूल्यों के प्रति अटूट निष्ठा को पुनः प्रमाणित किया। इस दौरान शाखा अध्यक्ष पवन सुमन, प्रान्तीय संयुक्त महासचिव मयंक ठाकुरिया, अंकित गालव, भुपेन्द्र पारेता, संरक्षक धर्मेन्द्र तिवारी, सौरभ नन्दवाना, राजकुमार नन्दवाना, जयन्त शर्मा, लोकेश मालव, सुजल खण्डेलवाल, विनित खण्डेलवाल, बल्लभ खंडेलवाल, भूपेंद्र कुमावत सदस्य मोजुद रहे।


