देशी कट्टे के साथ सक्रिय अपराधी गिरफ्तार, झुंझुनूं सदर थाना पुलिस की कार्रवाई ,हथियारों के नेटवर्क की जांच शुरू
झुंझुनूं। जिले में अपराधियों और अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक सक्रिय अपराधी को अवैध देशी कट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सदर थानाधिकारी बिमला बुडानिया ने बताया कि पुलिस को थाना क्षेत्र के सक्रिय अपराधी नवीन भूरिया के पास अवैध हथियार होने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपी की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाने लगी।
घर पर दबिश देकर दबोचा
रविवार को पुख्ता इनपुट मिलते ही पुलिस टीम ने नवीन भूरिया के निवास पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही हथियार को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी नवीन भूरिया के खिलाफ आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गहन पूछताछ में जुटी है कि आरोपी यह अवैध हथियार कहां से खरीदकर लाया था और इसका उपयोग किस वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

