अखिल भारतीय रैगर महासभा के जयपुर मुख्यालय पर 4 सूत्री मांगों को लेकर धरना: राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. एल. नवल को सौंपा ज्ञापन, बैठक में फैसले का आश्वासन
जयपुर (बद्रीलाल माली)
अखिल भारतीय रैगर महासभा के जयपुर स्थित मुख्यालय पर समाज के प्रबुद्ध जनों एवं समाज चिंतकों द्वारा अपनी 4 सूत्री मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना शुरू किया गया है। विभिन्न जिलों और शहरों से पहुंचे समाज बंधुओं ने सुबह 11:00 बजे से मुख्यालय के बाहर एकत्र होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखा। दोपहर बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. एल. नवल स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शनकारियों से संवाद किया और ज्ञापन स्वीकार किया।
4 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
समाज चिंतक मोतीलाल सिंघानिया ने बताया कि महासभा में निष्पक्ष व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 4 प्रमुख मांगें रखी गई हैं:
- निष्पक्ष चुनाव अधिकारी की अविलंब नियुक्ति की जाए।
- चुनाव की आधिकारिक तिथि घोषित की जाए।
- चुनाव अधिकारी रिश्तेदारवाद एवं भ्रष्टाचार से मुक्त हो।
- मतदाताओं की अधिकृत सूची सार्वजनिक की जाए।
बैठक में उचित निर्णय का आश्वासन
ज्ञापन स्वीकार करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. एल. नवल ने धरने पर बैठे प्रतिनिधियों से सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि कल होने वाली महासभा की महत्वपूर्ण बैठक में इन मांगों पर विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
9 अगस्त को भी जारी रहेगा धरना
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों का पारदर्शी समाधान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और 9 अगस्त को भी धरना यथावत रहेगा।
इस अवसर पर मोतीलाल सिंघानिया, दयानंद कुरडिया, रामनिवास रैगर, डॉ. एस. के. मोहनपुरिया, खूबराम सबलानिया, सी. एम. चंदोलिया, ब्रजमोहन मौर्य, सुखदेव अटल, ओम प्रकाश नागर, बाबूलाल फुलवारिया, कैलाश बाकोलिया, रोशन जाजोरिया, रामचंद्र जाटोलिया सहित बड़ी संख्या में समाज के जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

