पेंशन सत्यापन में खैरथल-तिजारा 99.96% पर, 43 पेंशनर अभी भी सत्यापन से बाहर
खैस्थल (हीरालाल भूरानी) सामाजिक सुरक्षा पेंशन के वार्षिक सत्यापन में जिले ने लगभग शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। वर्ष 2026 की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 1,05,141 पेंशनरों में से 1,05,098 का सत्यापन पूरा हो चुका है। यानी 99.96 प्रतिशत पेंशनरों का सत्यापन हो गया है, जबकि 43 पेंशनर अभी सत्यापन से बाकी हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 86,942 पेंशनरों में से 86,934 का सत्यापन हुआ है। यहां सत्यापन की दर 99.99 प्रतिशत है और केवल 8 पेंशनर बाकी हैं। ब्लॉकवार देखें तो मुंडावर और तिजारा में 100 प्रतिशत सत्यापन पूरा हो चुका है।
किशनगढ़बास में 16,307 में से 16,306 और कोटकासिम में 14,670 में से 14,663 पेंशनरों का सत्यापन हुआ है। शहरी क्षेत्र में 18,199 पेंशनरों में से 18,164 का सत्यापन हुआ है। यहां सत्यापन का प्रतिशत 99.81 रहा। शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक कोटकासिम में 17 पेंशनर सत्यापन से बाकी हैं। खैरथल में 10, किशनगढ़बास में 2, भिवाड़ी में 1 और टपूकड़ा में 5 पेंशनर का सत्यापन बाकी है। वहीं मुंडावर और तिजारा नगर क्षेत्र में भी 100 प्रतिशत सत्यापन हो चुका है। उम्र के हिसाब से सत्यापन से बाकी 43 पेंशनरों में 28 की उम्र 75 वर्ष से कम और 15 की उम्र 75 से 99 वर्ष के बीच है। 99 वर्ष से अधिक आयु का कोई पेंशनर सत्यापन से बाकी नहीं है।

