संवेदनशीलता और त्वरित सेवा: राजगढ़ उपखंड में डाक विभाग ने 10 दिवस में किया PLI मृत्यु दावे का निस्तारण, नॉमिनी को सौंपा चेक
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता। भारतीय डाक विभाग ने राजगढ़ उपखंड क्षेत्र में त्वरित एवं ग्राहक-केंद्रित सेवा की एक उत्कृष्ट मिसाल पेश की है। उपखंड के ग्राम माचाड़ी निवासी स्व. श्री जितेंद्र कुमार कहार की पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) पॉलिसी (संख्या RJ-198144-CS) के मृत्यु दावे का महज 10 दिनों में निस्तारण करते हुए 16,51,982 रुपये की कुल दावा राशि का चेक सोमवार, 10 अगस्त को नॉमिनी श्रीमती कविता कश्यप को सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, स्व. जितेंद्र कुमार कहार ने 23 मई 2014 को 10 लाख रुपये बीमित राशि की PLI पॉलिसी ली थी, जिसका मासिक प्रीमियम 3,950 रुपये जमा किया जा रहा था। गत 19 अप्रैल 2026 को पॉलिसीधारक का असमय निधन हो गया था। इसके बाद नॉमिनी श्रीमती कविता कश्यप ने 28 जुलाई 2026 को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए।
विभाग की त्वरित प्रक्रिया से मिली राहत डाक विभाग द्वारा कागजी औपचारिकताएं पूर्ण कर महज 10 कार्य दिवसों के भीतर 7 अगस्त 2026 को 16,51,982 रुपये की दावा राशि स्वीकृत की गई। सोमवार को राजगढ़ उपखंड के निरीक्षक डाकघर पंकज कुमार सैनी एवं उप डाकघर के पोस्टमास्टर बृजेश कुमार गुप्ता ने अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में यह चेक नॉमिनी को सौंपा।
निरीक्षक पंकज कुमार सैनी ने बताया कि डाक विभाग PLI/RPLI के मृत्यु दावों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कर रहा है, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सके। उन्होंने आमजन से डाक विभाग की इन बीमित योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने की अपील की।

