खैरथल में इसी माह दुरुस्त होंगे सभी सीसीटीवी कैमरे: 52 लाख की लागत से लगे 58 में से 30 कैमरे बंद, नगर परिषद ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया
खैरथल में इसी माह ठीक करवाए जाएंगे सभी सीसीटीवी कैमरे, बढ़ेगी शहर की सुरक्षा; नगर परिषद ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। शहर की सुरक्षा व्यवस्था और तीसरी आंख की निगरानी को एक बार फिर मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर परिषद क्षेत्र में करीब 52 लाख रुपए की भारी-भरकम लागत से लगाए गए 58 सीसीटीवी कैमरों में से लंबे समय से बंद पड़े 30 कैमरों को इसी माह दुरुस्त कर दिया जाएगा। नगर परिषद प्रशासन ने खराब कैमरों को ठीक कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे जल्द ही पूरे शहर पर पैनी नजर रखी जा सकेगी।
आधे से ज्यादा कैमरे पड़े हैं ठप शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों और संवेदनशील इलाकों में लगाए गए 58 कैमरों में से फिलहाल सिर्फ 28 कैमरे ही चालू हालत में हैं। 30 कैमरों के बंद रहने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था काफी कमजोर हो रही थी। मुख्य मार्गों पर पुलिस और प्रशासन की डिजिटल निगरानी का दायरा सिमट जाने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे थे।
अपराधों पर लगाम कसने में मिलेगी मदद सीसीटीवी कैमरे पुलिस और कानून व्यवस्था के लिए अहम कड़ी साबित होते हैं। कैमरों के पूरी तरह क्रियाशील होने से चोरी, वाहन चोरी, आपसी विवाद और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही किसी भी घटना के बाद संदिग्धों की पहचान कर उन तक पहुंचने में पुलिस को सीधा फायदा होगा।
अधिकारी का बयान
"खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही इसी माह सभी कैमरों को चालू कर दिया जाएगा, जिससे शहर में निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत किया जा सके।" — मुकेश शर्मा, आयुक्त, नगर परिषद खैरथल

