खैरथल में बदहाल सड़क और टूटा रैंप बना खतरा, कचरे के ढेर से लोग परेशान, प्रशासन से जल्द सुधार की मांग
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर के गोविंद माधव दास पार्क के सामने स्थित चौक पर टूटा हुआ रैंप, जर्जर सड़क और जगह-जगह लगे कचरे के ढेर आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। गोविंद माधव दास पार्क चौक से लेकर सेनी मोहल्ले तक सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है।
स्थानीय निवासी एवं अध्यापक नरेश शर्मा ने बताया कि उनके घर के सामने पार्क के कोने पर बना रैंप पूरी तरह से टूटा हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूलों के छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिनमें क्षेत्र के बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, यदि समय रहते रैंप और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
उन्होंने यह भी बताया कि गोविंद सैनी की दुकान तक सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है और वहां कचरे के ढेर लगे हुए हैं। इसके साथ ही गंदे नाले की सफाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में गंदगी फैली हुई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। गर्मी की शुरुआत के साथ ही यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि न तो पार्क के अंदर सफाई हो रही है और न ही बाहर। ऐसे में स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहा है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से करबद्ध अपील की है कि जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए, टूटा हुआ रैंप ठीक किया जाए, कचरे का निस्तारण हो तथा नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासी एकजुट होकर जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
इस मौके पर नरेश शर्मा, दीपक मांधू, धर्मेंद्र लोढ़ा, हरीश भुरानी, गोविंद सैनी, जितेंद्र छागानी, अशोक जोशी, ओम प्रकाश जोशी, पीतांबर सैनी सहित अन्य नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।