खैरथल में युवाओं ने बुलंद की लोकतंत्र की आवाज: राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने निकाली भव्य मतदान जागरूकता रैली
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और मतदान साक्षरता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय खैरथल के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को एक भव्य मतदान जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने निष्पक्ष और जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
प्राचार्य ने दिलाई निष्पक्ष मतदान की शपथ
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय वर्मा ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोकतंत्र में स्वस्थ निर्वाचन के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को बिना किसी दबाव के योग्य उम्मीदवारों का चयन करने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित लगभग एक सौ विद्यार्थियों को मताधिकार की निष्पक्ष शपथ दिलाई।
'वोट डालने जाना है' के नारों से गूंजा खैरथल
शपथ ग्रहण के बाद विद्यार्थियों ने "अपना फर्ज निभाना है, वोट डालने जाना है" जैसे प्रेरक नारों के साथ खैरथल नगर परिषद क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से युवाओं ने आमजन और स्थानीय नागरिकों को अपने वोट के अधिकार के प्रति जागरूक किया।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद: इस अवसर पर संकाय सदस्य डॉ. महेश गोठवाल, डॉ. जाकिर हुसैन, डॉ. दीपक चंदवानी, राजवीर सिंह मीणा, लेखाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, विक्रम सिंह, सौम्या बारेठ एवं प्रभुदयाल सहित महाविद्यालय का अन्य स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

