खैरथल के जयप्रकाश मंगलानी ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया
खैरथल (हीरालाल भूरानी) खैरथल के प्रतिभाशाली निशानेबाज जयप्रकाश मंगलानी ने 24वीं राजस्थान राज्य राइफल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 (पैरा इवेंट) में शानदार प्रदर्शन किया है। 27 जून को जयपुर के ओएसिस शूटिंग रेंज, जगतपुरा में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 4 पदक हासिल किए, जिनमें 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। जयप्रकाश ने 50 मीटर मिक्स्ड प्रोन और 50 मीटर थ्री पोजिशन स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते, जबकि 10 मीटर स्टैंडिंग स्पर्धा में रजत और 10 मीटर प्रोन स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। उनके इस उल्लेखनीय प्रदर्शन ने क्षेत्र, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
जयप्रकाश की बड़ी बहन भावना मदान के अनुसार, वे बचपन से ही प्रतिभाशाली रहे हैं और पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि रही है। उन्होंने हर चुनौती का सामना करते हुए अपनी मेहनत के दम पर सरकारी सेवा में स्थान प्राप्त किया। वर्तमान में जयप्रकाश मंगलानी अलवर स्थित आयकर विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी इस सफलता पर खेल जगत, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। जयप्रकाश के पिता राजकुमार मंगलानी ने कहा कि यह सफलता दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रमाण है। मित्रों और शुभचिंतकों ने भी उनकी उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाने वाला कदम कहा है।


