"संतों के आदर्श जीवन को सन्मार्ग पर ले जाते हैं": रामधाम खेड़ापा में गूंजी संत गोविन्दराम शास्त्री की वाणी,17 अगस्त को विशाल चिकित्सा व रक्तदान शिविर
बावड़ी/खेड़ापा (मिश्रीलाल लखारा)। बावड़ी उपखंड स्थित रामस्नेही सम्प्रदाय की प्रमुख आचार्यपीठ श्रीरामधाम खेड़ापा में चल रहे चातुर्मास महोत्सव के दौरान संत-महापुरुषों के जीवन आदर्शों और उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करने का पावन संदेश दिया गया।
पीठ के आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज के पावन सानिध्य में संत गोविन्दराम शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि संत-महापुरुषों के बताए मार्ग का अनुसरण करने से जीवन में संस्कार, सद्विचार और सकारात्मकता का विकास होता है। संतों के वचनों को केवल सुनना नहीं, बल्कि आचरण में उतारना ही उनके प्रति वास्तविक श्रद्धा है।
17 अगस्त को लगेगा विशाल नि:शुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर
रामधाम खेड़ापा के युवा संत ध्यानदास रामस्नेही ने जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज के 85वें प्राकट्य दिवस के पावन उपलक्ष्य में 17 अगस्त 2026 को रामधाम खेड़ापा में विशाल नि:शुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
शिविर में मिलेंगी ये प्रमुख स्वास्थ्य सुविधाएं:
-
नेत्र चिकित्सा व लेंस प्रत्यारोपण: ताराबाई देसाई चैरिटेबल ट्रस्ट (जोधपुर) के तत्वावधान में डॉ. संजीव देसाई एवं डॉ. राजीव देसाई द्वारा नेत्र जांच व नि:शुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा।
-
रक्तदान शिविर: श्री दामोदरदास सेवा संस्थान एवं सुमित्रा सेवा संस्थान (जोधपुर) के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर लगेगा।
-
आयुर्वेद एवं योग उपचार: डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. भंवरलाल एवं डॉ. हेमलता परिहार द्वारा प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग परामर्श दिया जाएगा।
-
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम: शिविर में मनोरोग एवं नशा मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर गुप्ता, जनरल सर्जन डॉ. श्रीराम चौधरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा गहलोत, यूरोलॉजिस्ट डॉ. हिमांशु गहलोत तथा शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित चौहान अपनी सेवाएं देंगे।
रामधाम खेड़ापा व्यवस्थापन ट्रस्ट के प्रयासों से आयोजित इस विशाल शिविर में विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श और दवाएं पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

