भरतपुर में देशभक्ति के रंग: 80वें स्वाधीनता दिवस पर प्रभारी मंत्री ने फहराया तिरंगा; 59 प्रतिभाएं सम्मानित, वीरांगनाओं का किया नमन

Aug 15, 2026 - 17:08
Aug 15, 2026 - 18:32
 0
भरतपुर में देशभक्ति के रंग: 80वें स्वाधीनता दिवस पर प्रभारी मंत्री ने फहराया तिरंगा; 59 प्रतिभाएं सम्मानित, वीरांगनाओं का किया नमन

भरतपुर / कोश्लेंद्र दत्तात्रेय 

भरतपुर जिलेभर में शनिवार को 80वां स्वाधीनता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और राष्ट्रीय गरिमा के साथ मनाया गया। केन्द्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जल संसाधन एवं प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

स्वाधीनता दिवस की परेड में 7 आरएसी के कमाण्डर राजीव सिंह के नेतृत्व में राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, एनसीसी, होमगार्ड, भारत स्काउट एवं गाइड तथा पुलिस बैंड की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया। समारोह में अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) राजीव शर्मा ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सोनी एकेडमी के विद्यार्थियों ने 'मां तुझे सलाम' गीत पर शानदार नृत्य पेश किया, वहीं अग्रसेन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति देकर स्टेडियम में मौजूद जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।

वीरांगनाएं और 59 उत्कृष्ट प्रतिभाएं सम्मानित

समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शहीद वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट राजकीय कार्य करने वाले 59 अधिकारियों, कर्मचारियों और बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ परिणाम देने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर हौसला बढ़ाया।

"विकसित भारत के संकल्प में युवा निभाएं भूमिका"

जनसमूह को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिजली, पानी, सड़क और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश और भरतपुर जिले का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने युवाओं से आने वाली पीढ़ियों के लिए विकसित और उन्नत देश बनाने के संकल्प में आगे आने का आह्वान किया।

कार्यालयों में हुआ ध्वजारोहण, शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

मुख्य समारोह से पूर्व प्रभारी मंत्री, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, जिला कलक्टर कमर चौधरी और एसपी राजेश मीणा ने लोहागढ़ स्टेडियम स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।

इसके अलावा संभागीय आयुक्त कार्यालय, कलक्ट्रेट, आईजी व एसपी कार्यालय, बीडीए, न्यायालयों और जिले के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में विभागाध्यक्षों द्वारा तिरंगा फहराया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के ऐतिहासिक दरवाजों, प्रमुख चौराहों और सरकारी भवनों को आकर्षक रंगीन रोशनी और रंगोलियों से सजाया गया।

समारोह में संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. प्रीति चंद्रा, जिला कलक्टर कमर चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जय सारस्वत एवं योगेश द्वारा किया गया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................